सिनसिनाटी, 22 अगस्त (आईएएनएस)। दुनिया के तीनों शीर्ष खिलाड़ियों सर्बिया को नोवाक जोकोविक, ब्रिटेन के एंडी मरे और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर अपने-अपने मुकाबले जीतकर सिनसिनाटी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए।
सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त जोकोविक ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्विट्जरलैंड के स्टानिस्लास वावरिंका को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से हरा दिया।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, जोकोविक अब सेमीफाइनल मुकाबले में शनिवार को यूक्रेन के एलेक्जेंडर डोल्गोपोलोव से भिड़ेंगे।
दूसरे विश्व वरीयता प्राप्त मरे को हालांकि क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतने के लिए तीन सेटों तक संघर्ष करना पड़ा। पिछले सप्ताह मांट्रियल में रोजर्स कप जीतने वाले मरे ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए फ्रांस के रिचर्ड गैस्केट को 4-6, 6-1, 6-4 से हराया।
तीसरी विश्व वरीयता प्राप्त फेडरर ने स्पेन के फेलिसियानो लोपेज को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराकर आसानी से जीत हासिल कर ली।
महिला एकल वर्ग में शुक्रवार को शीर्ष वरीय सेरेना विलियम्स ने सर्बिया की स्टार एना इवानोविक को हरा दिया। इवानोविक ने हालांकि पहला सेट जीतकर टेनिस जगत को चौंका दिया था और ऐसा लगा कि रोजर्स कप की तरह सेरेना को यहां भी बाहर न होना पड़े।
सेरेना ने हालांकि शानदार वापसी करते हुए इवानोविक को 3-6, 6-4, 6-2 से मात दे दी।
dharmpath.com dharmpath