क्वांगचो (चीन), 25 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने अपने जीत का क्रम जारी रखते हुए शुक्रवार को 2.5 लाख डॉलर इनामी राशि वाले क्वांगचो ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सानिया-मार्टिना की शीर्ष वरीय जोड़ी ने क्वांगचो इंटरनेशनल टेनिस सेंटर में खेले गए सेमीफाइनल में इजरायल की जूलिया ग्लूसेको और स्वीडन की रेबेका पीटरसन को 6-3, 6-4 से हराया। यह मैच एक घंटा 12 मिनट चला।
हाल ही में अमेरिकी ओपन खिताब जीतने वाली सानिया और मार्टिना के लिए पहला सेट काफी आसान रहा। इस सेट में दोनों ने अपनी विपक्षी खिलाड़ियों की सर्विस दो बार ब्रेक की।
दूसरे सेट में हालांकि रेबेका और जूलिया ने दो बार सानिया और मार्टिना की सर्विस ब्रेक की। इसके बाद हालांकि सानिया और मार्टिना ने दो मौकों पर प्रतिद्वंद्वियों की सर्विस ब्रेक करते हुए मैच अपने नाम किया।
भारतीय-स्विस जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जर्मनी की एना-लेना फ्रीडसैम और रोमानिया की मौनिका निकोलेस्कू को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराया था।
dharmpath.com dharmpath