सुझोऊ (चीन), 29 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के शरत कमल बुधवार को विश्व टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के पुरुष एकल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंच गए।
शरत ने दूसरे दौर में 35वें वरीयता प्राप्त फ्रांस के सिमोन गॉजी को हराया। विश्व के 44वें वरीयता वाले शरत ने सिमोन को 11-4, 11-5, 11-7, 6-11, 11-8 से मात दी। वह अब अगले दौर में हमवतन जी. साथियान और चीन के फैंग बो. के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे।
दूसरी ओर, सौम्यजीत घोष भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे। घोष ने 29वें वरीय नाइजीरिया के अरुना कादरी को 11-6, 12-10, 14-12, 6-11, 11-5 से हराया। सौम्यजीत अब रूस के शिबाएव से खेलेंगे।
विश्व के 188वें वरीयता प्राप्त भारत के साथियान ने 68वें वरीयता वाले स्वीडेन के गेरेल पार को हराकर उलटफेर किया और दूसरे दौर में पहुंच गए। साथियान ने 11-5, 11-8, 8-11, 11-4, 11-7 से जीत दर्ज की।
साथियान को अब दूसरे दौर में कठिन मुकाबला खेलना हैष वह विश्व के 14वें वरीयता प्राप्त चीन के फैंग से भिड़ेंगे।
पुरुष युगल वर्ग में हालांकि शरत और साथियान की जोड़ी को पहले ही दौर में जापान के एम. मोरिजोनो और ओशिमा यूया से 4-11, 11-9, 6-11, 4-11, 5-11 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल वर्ग से भारत को निराशा हाथ लगी। माउमा दास और के. शामिनी को अपने पहले दौर के मैचों में हार का सामना करना पड़ा। महिला युगल वर्ग में भी माउमा और शामिनी की भारतीय जोड़ी को पहले दौर में ही हार का सामना कर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
मिश्रित युगल वर्ग में घोष और माउमा को दक्षिण कोरियाई जोड़ी से दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। एक अन्य मिश्रित युगल वर्ग मैच में भी चीनी ताइपे की चेन चीन और चेन सियू यू की जोड़ी से भारत के सनिल शेट्टी और मनिका बत्रा को पहले दौर में 11-3, 11-7, 6-11, 11-7, 11-7 से हार का सामना करना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath