सेंट जॉन्स (एंटिगा), 29 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिली हार के बाद वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स ने कहा है कि मौजूदा टेस्ट टीम के कप्तान दिनेश रामदीन को और आक्रामक तरीके से कैरेबियाई टीम का नेतृत्व करने की जरूरत है।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार रिचर्ड्स ने कहा कि टीम में अभी आक्रामकता की कमी है और इसी का इंग्लैंड को फायदा मिला।
इंग्लैंड ने ग्रेनाडा में हुए दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराया जबकि एंटिगा में खेला गया पहला टेस्ट ड्रा रहा था।
रिचर्ड्स ने कहा, “मैच में कुछ मौकों पर कैरेबियाई टीम सकारात्मक क्रिकेट खेलती नजर आई लेकिन कई मौकों पर ऐसा लगा कि टीम सो रही है। इंग्लैंड के 40 रनों पर जब तीन विकेट गिर गए थे तब हमारे गेंदबाजों को और आक्रामक होना चाहिए था और जोए रूट तथा इयान बेल का विकेट हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए थी।”
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच श्रृंखला का तीसरा और आखिरी टेस्ट बारबाडोस में शुक्रवार से शुरू होना है।
dharmpath.com dharmpath