ट्यूनीशिया संग्रहालय के हमलावर वीडियो फूटेज में दिखे

लंदन, 22 मार्च (आईएएनएस)। ट्यूनीशिया सरकार ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में हमले के दौरान बंदूकधारियों को बाडरे संग्रहालय की तरफ जाते देखा जा सकता है। इन बंदूकधारियों ने बुधवार को 25 लोगों की हत्या कर दी थी।

बीबीसी द्वारा रविवार को जारी रपट के अनुसार, यह वीडियो आंतरिक मंत्रालय ने जारी किया है, जिसमें कुछ लोग राइफल और बैग लिए राजधानी ट्यूनिस स्थित संग्रहालय से गुजरते दिख रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दो हथियारबंद आतंकवादियों ने बाडरे संग्रहालय पर बुधवार को हमला किया था। इस घटना में जापान, इटली, कोलंबिया, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, पोलैंड और स्पेन के नागरिकों सहित 17 पर्यटक मारे गए थे। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी सहित ट्यूनीशिया के दो नागरिक भी मारे गए थे।

सुरक्षा बलों ने दो बंदूकधारियों को मार गिराया था। माना जा रहा है कि इन्हें लीबिया में इस्लामिक स्टेट ने प्रशिक्षण दिया था।

वीडियो में बंदूकधारी एक व्यक्ति पर बंदूक ताने हुए दिख रहे हैं।

इससे पहले, अभियोजन पक्ष की प्रवक्ता ने कहा कि जांच में संतोषजनक प्रगति देखी गई है, लेकिन उन्होंने कोई ब्यौरा नहीं दिया है।

अधिकारियों ने अब तक 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से 10 व्यक्ति इस घटना में कथितरूप से सीधे संलिप्त रहे हैं।

आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद अली आरुई ने कहा, “चरमपंथियों के खिलाफ व्यापक अभियान जारी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493