वाशिंगटन, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के प्रचार अभियान ने माना है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा का जन्म अमेरिका में हुआ है। यह जानकारी मीडिया रपट से मिली।
ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जेसन मिलर ने एक बयान जारी कर कहा कि तीन वर्षो के बाद इस मुद्दे को उठा कर ट्रंप ने लोगों और राष्ट्रपति की बड़ी सेवा की है।
मीडिया के साथ एक साक्षात्कार में ट्रंप ने यह कहने से इनकार कर दिया था कि ओबामा का जन्म अमेरिका में हुआ था और इस सवाल का जवाब देने से भी मना कर दिया था। इसके बाद इस तरह का बयान जारी किया गया।
बीबीसी ने कहा कि ‘बर्थर’ (जन्म से संबंधित) आन्दोलन के नेता रहे ट्रंप ने हवाई में जन्मे ओबामा की नागरिकता पर सवाल उठाया था। लेकिन उनके प्रचारक अब इस मामले में प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को घसीट रहे हैं। ट्रंप के प्रचारकों के अनुसार, हिलेरी ने साल 2008 में राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट उम्मीदवार बनने के लिए हो रहे चुनाव के दौरान दावा किया था कि असल में ओबामा का केन्या में जन्म हुआ था, इसलिए वह राष्ट्रपति बनने के पात्र नहीं थे।
हालांकि इसका कोई सबूत नहीं है कि क्लिंटन या तब उनके प्रचार अभियान का इससे कोई लेना देना था।
क्लिंटन ने ट्वीट कर कहा था कि ऐसा व्यक्ति ओबामा का उत्तराधिकारी नहीं हो सकता है, जिसने जातिवादी ‘बर्थर’ आन्दोलन का नेतृत्व किया हो।
जब ओबामा दूसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव लड़ रहे थे तब ट्रंप उनकी नागरिकता को लेकर काफी मुखर थे।
ट्रंप ने ओबमा से जन्म प्रमाण पत्र दिखाने की भी चुनौती दी थी और उनका समर्थन उस समय उपराष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवार और अलास्का की गवर्नर सारा पालिन ने भी किया था।
कुछ सप्ताहों के बाद ह्वाइट हाउस में ओबामा ने संवाददाताओं को रात्रिभोज पर बुलाया और अपना जन्म प्रमाण पत्र जारी किया था।
dharmpath.com dharmpath