तेहरान, 11 मई (आईएएनएस)। ईरान के पेट्रोलियम मंत्री बिजान नामदार जंगेनेह ने कहा है कि 2015 के ईरान परमाणु समझौते से अमेरिका के अलग हो जाने का तेल उद्योग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ईरान के पेट्रोलियम मंत्री के बयान का जिक्र करते हुए समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कहा कि ईरान अपने तेल उद्योग को पिछले कुछ साल से मिल रही ऐसी धमकियों से बचाने में समर्थ है।
जंगेनेह ने कहा, “मेरा मानना है कि अमेरिका के समझौते से निकल जाने से ईरान के तेल निर्यात पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा।”
उन्होंने कहा कि तेल और गैस से ईरान को मिलने वाले राजस्व का राष्ट्रीय बजट में जितना जिक्र किया गया है, उतना बना रहेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु समझौते को यह कहते हुए छोड़ दिया कि वाशिंगटन तेहरान को उनके ऊपर लगे प्रबिंध में आगे कोई छूट नहीं देगा।
ट्रंप ने यहां तक कहा कि वह ईरान को समझौते की त्रुटियों में बदलाव लाने को बाध्य करने के लिए तेहरान पर और अधिक सख्त प्रतिबंध लगाएगा।
ईरान पर लगाए जाने वाले प्रतिबंधों में उसके तेल निर्यात और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश पर रोक भी शामिल है।
dharmpath.com dharmpath