वाशिंगटन, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी ‘अनुचित कर कानूनों से अधिकाधिक लाभ’ उठाने की बात स्वीकार की है और कहा कि उन्होंने ‘शानदार ढंग से’ अपने लाभ के लिए इन ‘अनुचित कर कानूनों’ का इस्तेमाल किया। साथ ही उन्होंने वादा किया कि राष्ट्रपति चुने जाने की स्थिति में वह इन कानूनों को बदलेंगे।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार, ट्रंप ने सोमवार को कहा, “कर कानूनों का अनौचित्य अविश्वसनीय है। स्पष्ट रूप से इन कानूनों का बड़ा लाभार्थी होने के बावजूद, इनके बारे में मैं लंबे समय से बातें करता रहा हूं।”
उन्होंने कहा, “अब मैं आपके लिए काम कर रहा हूं, मैं ट्रंप के लिए नहीं काम कर रहा हूं।” कोलोराडो के प्यूएब्लो में आयोजित एक चुनावी रैली में ट्रंप के इस बयान को भीड़ ने खूब सराहा।
अरबपति उम्मीदवार के मुताबिक, कर कानूनों के अपने हित में इस्तेमाल करने का पूर्व अनुभव होने के कारण, वह जटिल व्यवस्था को अन्य लोगों की तुलना में अच्छे ढंग से समझते हैं और वे ही केवल इसे ठीक कर सकते हैं। उन्होंने ऐसा करने का वादा तो किया, लेकिन इस संबंध में दरअसल क्या करेंगे उसका उल्लेख नही किया।
दैनिक समाचार पत्र ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ में शनिवार को ट्रंप का कर इतिहास प्रकाशित हुआ। इसके बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में ट्रंप ने कहा कि वैधानिक रूप से यथासंभव कम कर भुगतान के लिए उन्होंने अमेरिकी कानूनों का ‘शानदार ढंग’ से इस्तेमाल किया था।
रिपोर्ट के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए ट्रंप ने दो दिनों तक प्रतीक्षा की। रिपोर्ट में समाचार पत्र ने शनिवार को कहा था कि साल 1995 में 91.57 करोड़ डॉलर का घाटा दिखकर ट्रंप संघीय करों की अदायगी से 18 वर्षो तक बचे रहे होंगे।
रिपब्लिकन उम्मीदवार ने कहा कि उस समय व्यापार को संकट से उबारने के लिए उन्होंने कर कानूनों का इस्तेमाल किया, ऐसा ही कुछ और लोग करने में सफल हुए थे।
dharmpath.com dharmpath