वाशिंगटन, 25 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बिना पुख्ता दस्तावेज के सीमा पार कर देश में आए प्रवासियों को बिना किसी मुकदमे के या न्यायाधीश के समक्ष पेश किए बिना देश से निर्वासित किए जाने की पुरजोर वकालत की है। उन्होंने इन प्रवासियों को घुसपैठिया कहा है।
समाचार पत्र ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ के मुताबिक, ट्रंप ने ट्वीट कर प्रवासियों को घुसपैठिया कहा और अमेरिकी आव्रजन कानूनों को मजाक बताया। उन्होंने लिखा कि अवैध प्रवासियों से कानूनी अधिकारों को छीनने के लिए कानून में जरूरी बदलाव किए जाने चाहिए।
ट्रंप ने लिखा, “हम इन लोगों को अपने देश में घुसपैठ नहीं करने दे सकते।”
उन्होंने लिखा, “जब कोई आता है, तो हमें उन्हें न्यायाधीश के सामने पेश किए बिना या अदालत में मुकदमा चलाए बिना, जहां से वे आए हैं, वहां तुरंत भेज देना चाहिए।”
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी आव्रजन नीति एक मजाक की तरह है। अधिकांश बच्चे माता-पिता के बिना आते हैं।
उन्होंने कहा कि यह सब उन लोगों के लिए अनुचित है, जो कानूनी प्रक्रिया से गुजरे हैं और सालों से अपनी बारी आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि आव्रजन योग्यता के आधार पर होना चाहिए। हमें ऐसे लोगों की जरूरत है, जो अमेरिका को फिर से महान बनाने में मदद कर सकें।
dharmpath.com dharmpath