वाशिंगटन, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रशासन के दो प्रमुख सलाहकारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें रिपब्लिकन पार्टी के चेयरमैन रेंस प्रीबस उनके नए प्रमुख चीफ ऑफ स्टाफ होंगे और उनके प्रचार अभियान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टीव बेनन मुख्य रणनीतिकार और वरिष्ठ सलाहकार होंगे।
ट्रंप ने रविवार को एक बयान में कहा, “स्टीव और रेंस बेहद योग्य नेता हैं, जिन्होंने हमारे अभियान के लिए काफी अच्छा काम किया और हमें ऐतिहासिक जीत दिलाई। अब मैं उन दोनों को व्हाइट हाउस में लाऊंगा क्योंकि हमें अमेरिका को फिर से महान बनाना है।”
बयान के मुताबिक, “बैनन और प्रीबस ने अभियान के दौरान प्रभावशाली नेतृत्व वाली जो टीम बनाई थी, उसे वे कायम रखेंगे और संघीय सरकार में बदलाव लाने के लिए समान साझेदारों के तौर पर काम करेंगे, उसे और अधिक कुशल, उत्पादक और प्रभावशाली बनाएंगे।”
प्रीबस रिपब्लिकन पार्टी के सबसे लंबे समय तक सेवारत चेयरमैन हैं और वह पार्टी के भीतर विभिन्न गुटों में लोकप्रिय हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप की जीत के लिए आधार तैयार करने और मतभेदों से भरे प्राइमरी चुनावों के बाद पार्टी को फिर से एकजुट करने में उनका बड़ा योगदान है।
सीएनएन के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष पॉल रेयान और सीनेट में बहुमत के नेता मिच मैककॉनेल ने पिछले सप्ताह ट्रंप से प्रीबस को चुनने का आग्रह किया था।
घोषणा के बाद पॉल रेयान के प्रवक्ता ने कहा कि वह इस फैसले से खुश हैं।
प्रवक्ता डूज एंड्रियास ने कहा, “प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष अपने दोस्त के लिए बेहद खुश हैं और काम शुरू करना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath