ढाका, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष बांग्लादेश के मुस्तफा कमाल ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। कमाल विश्व कप ट्रॉफी प्रदान करने का मौका आईसीसी चेयरमैन एन. श्रीनिवासन को दिए जाने से नाराज थे।
बांग्लादेश की समाचार वेबसाइट बीडीन्यूज24 डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक संवाददाता सम्मेलन में कमाल ने कहा कि वह आईसीसी के नियमों के हुए उल्लंघन के विरोध में अपना इस्तीफा दे रहे हैं। कमाल के मुताबिक यह उनका आखिरी फैसला है और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि रविवार को विश्व कप फाइनल के बाद आईसीसी चेयरमैन एन. श्रीनिवासन ने विश्व कप ट्रॉफी विजेता टीम आस्ट्रेलिया को प्रदान की थी।
आईसीसी के नियमों में जनवरी में हुए बदलाव के अनुसार विश्व कप ट्रॉफी अध्यक्ष द्वारा प्रदान की जानी चाहिए, लेकिन रविवार को मैच के बाद श्रीनिवासन ने आस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क को यह ट्रॉफी दी।
कमाल के अनुसार, यह आईसीसी के नियमों का उल्लंघन है।
आस्ट्रेलिया मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांचवीं बार विश्व खिताब जीतने में कामयाब रहा।
ऐसा माना जा रहा है कि कमाल द्वारा भारत-बांग्लादेश के बीच हुए मैच के बाद अंपायरिंग की आलोचना करने के विवाद का श्रीनिवासन ने फायदा उठाया और ट्रॉफी प्रदान करने के लिए आईसीसी के अन्य सदस्यों का समर्थन हासिल करने में कामयाब रहे।
उल्लेखनीय है कि पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कमाल मौजूद नहीं थे।
कमाल ने दो दिन पहले ही आईसीसी में चल रही गड़बड़ियों को उजागर करने की भी चेतावनी दी थी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भी भारत-बांग्लादेश के बीच क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान हुई खराब अंपायरिंग की शिकायत आधिकारिक तौर पर मंगलवार को आईसीसी से दर्ज कराई।
बीसीबी के मुख्य कार्यकारी निजामुद्दीन चौधरी ने मंगलवार को बताया कि बोर्ड 19 मार्च को हुए इस मैच में खराब अंपायरिंग से संबंधित शिकायत दर्ज करा चुका है।
dharmpath.com dharmpath