ट्विटर ने बग पकड़ने वालों को दिए 322420 डॉलर

न्यूयॉर्क, 28 मई (आईएएनएस)। माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर ने बग पकड़ने के अपने अभियान ‘हैकर वन’ के तहत पिछले दो सालों में शोधकर्ताओं और बग ढूंढ़नेवालों को कुल 3,22,420 डॉलर का भुगतान किया है।

ट्विटर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्काडे टेटेलमान ने शुक्रवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, “हम अपने उपयोगकर्ताओं को अधिकतम सुरक्षा प्रदान करने के लिए सुरक्षा समीक्षा प्रक्रिया पर काफी ध्यान देते हैं और इसके तहत कई कदम उठाते हैं।”

साथ ही कंपनी बाहरी व्यक्तियों से अपने वेबसाइट की सुरक्षा खामियों के बारे में जांच कराने के लिए ‘हैकर वन’ नामक कार्यक्रम आयोजित करती है।

टेटेलमान आगे कहते हैं कि ‘हैकर वन’ नामक इस कार्यक्रम को कंपनी मई 2014 से चला रही है और यह सुरक्षा खामियों को दूर करने का एक अमूल्य संसाधन है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो सालों में इस कार्यक्रम से कंपनी को 1,662 शोधकर्ताओं से सुरक्षा खामी से संबंधित कुल 5,171 जानकारियां मिलीं। इनमें से करीब 20 फीसदी बगों का समाधान कर उन्हें दूर किया गया (शोधकर्ताओं से मिली जानकारी के बाद)।

टेटेलमान कहते हैं, “हमने शोधकर्ताओं को कुल 3,22,420 डॉलर का भुगतान किया। हमारा औसत भुगतान 835 डॉलर रहा। हमने अब तक न्यूनतम 140 डॉलर का भुगतान किया, जबकि अधिकतम 12,040 डॉलर का भुगतान किया।”

सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि 2015 में एक शोधकर्ता ने हमारे सॉफ्टवेयर की कमजोरियों से संबंधित कई बगों के बारे में जानकारी प्रदान कर 54,000 डॉलर से ज्यादा का भुगतान लिया।

उन्होंने कहा, “हम रिमोट कोड निष्पादन से संबंधित बग के लिए न्यूनतम 15,000 डॉलर का भुगतान करते हैं, लेकिन अभी तक हमें इसके बारे कोई खबर मिली नहीं है।”

टेटेलमान ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत कुछ बेहद गंभीर बगों के बारे में जानकारियां सामने आईं, जिनमें हमारे एंड्रायड एप के गंभीर बग भी थे। उन्होंने कहा कि एक बग ऐसा था जो हमारे उपयोगकर्ताओं के क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारियों को दूर से डिलीट कर सकता था। लेकिन समय रहते इसे हल कर लिया गया।

उन्होंने कहा, “अगर आप ट्विटर को सुरक्षित बनाने में मदद करना चाहते हैं तो हमारे बग ढूंढ़ने के कार्यक्रम का हिस्सा बनें और हमें आवेदन दें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493