वाशिंगटन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। दुनिया में सोशल मीडिया का दबदबा किस कदर बढ़ गया है और यह लोगों की राय को किस तरह प्रभावित करता है, इसका सटीक उदाहरण ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से अमेरीकियों को अवगत कराने के लिए व्हाइट हाउस द्वारा एक ट्विटर अकाउंट तथा एक वेबपेज शुरू किया जाना है।
टाइम की एक रपट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने मंगलवार को पिट्सबर्ग जाते वक्त रास्ते में कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए उसके साथ किए गए परमाणु समझौते से लोगों को अवगत कराने के लिए डिजिटल टूल्स का इस्तेमाल किया जाएगा।
ट्विटर अकाउंट ‘द ईरान डील’ के माध्यम से परमाणु समझौते के तथ्यों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। वेबपेज में फैक्ट शीट तथा इंफोग्राफिक्स होंगे।
ईरान के साथ परमाणु समझौता कांग्रेस की मंजूरी का इंतजार कर रहा है, जो इस समझौतों को लेकर बहुत अधिक उत्साहित नहीं है।
समझौते को लेकर शुरू किए गए ट्विटर अकाउंट को काफी विरोधों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि विपक्ष तथा कई सहयोगी उस परमाणु समझौते के पक्ष में नहीं हैं, जिसे उसके समर्थकों द्वारा ऐतिहासिक करार दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath