वाशिंगटन, 22 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय मूल के अमेरिकी चिकित्सक एवं पुलित्जर पुरस्कार विजेता सिद्धार्थ मुखर्जी की कैंसर पर लिखी गई किताब ‘द एंपरर ऑफ ऑल मेलाडीज : ए बायोग्राफी ऑफ कैंसर’ पर आधारित डॉक्यूमेंट्री को एम्मी अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।
एम्मी अवॉर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषणा की गई है कि ‘कैंसर : द एंपरर ऑफ ऑल मेलाडीज’ नाम से बनीं डॉक्यूमेंट्री के निर्माता अमेरिकी फिल्मकार केन बर्न्स हैं और उन्होंने डॉक्यूमेंट्री को लिखने में भी योगदान किया है। यह डॉक्यूमेंट्री छह घंटे की है और अमेरिकी टेलीविजन चैनल पीबीएस के लिए बनाई गई है।
इस डॉक्यूमेंट्री में कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। मुखर्जी की किताब को 2010 में साइमन एवं शस्टर ने प्रकाशित किया था।
पत्रिका ‘ओपरा’ ने इस किताब को साल 2010 की 10 सर्वश्रेष्ठ किताबों की सूची में शामिल किया था। द न्यूयार्क टाइम्स ने भी इसे वर्ष 2010 की 10 सर्वश्रेष्ठ किताबों की सूची में शामिल किया था और टाइम्स ने इसे 10 सर्वश्रेष्ठ कथेतर पुस्तकों की सूची में शामिल किया था।
वर्ष 2011 में किताब को नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्किल अवॉर्ड के लिए नामित किया गया था। इसी वर्ष किताब ने सामान्य कथेतर श्रेणी में वार्षिक पुलित्जर पुरस्कार जीता था।
मुखर्जी इस समय न्यूयार्क सिटी में कोलंबिया युनिवर्सिटी में औषधि विभाग में सहायक प्रोफेसर और कोलंबिया युनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में चिकित्सक के रूप में काम कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath