भोपाल-रिटायर्ड जज के परिवार से जुड़ी एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। मौत के 12 दिन बाद रविवार को भदभदा श्मशान घाट पर ट्विशा का अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के सदस्य और खासकर ट्विशा की मां का रो रोकर बुरा हाल रहा। दूसरी ओर इसी दिन दिल्ली एम्स की फॉरेंसिक टीम ने भोपाल एम्स पहुंचकर शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम भी किया।12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। जबकि, मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी।
दिल्ली एम्स के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद कुछ महत्वपूर्ण जांच अभी बाकी हैं। इनमें हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा एनालिसिस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार होने में अभी समय लगेगा। एम्स की टीम सैंपल, वीडियो, फोटो और दस्तावेजी रिकॉर्ड लेकर सोमवार को दिल्ली लौटेगी, जहां आगे की वैज्ञानिक जांच की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath