भोपाल, 22 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार को चल रही शीतलहर ने ठंड बढ़ा दी है। कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में शीतलहर का असर बने रहने की संभावना जताई है।
राज्य में शुक्रवार को भी शीतलहर का असर बना हुआ है, लेकिन आसमान साफ होने पर खिली धूप से ठंड से थोड़ी राहत मिली है।
हालांकि, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से सर्द हवाओं का असर बढ़ा है। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में घना कोहरा छाने के साथ पाला भी पड़ सकता है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 7.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 3.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं गुरुवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 18 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath