हरिद्वार, 28 मई (आईएएनएस)। नीदरलैंड की सेना यानी डच सेना ने अपने प्रशिक्षण मॉड्यूल में आध्यात्मिक जीवनशैली एवं योग को शामिल किया है।
गायत्री परिवार की ओर से यहां जारी एक बयान के मुताबिक, नीदरलैंड की सरकार के विशेष आमंत्रण पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय (देसंविवि) के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या नीदरलैंड पहुंचे। नीदरलैंड के रक्षा मंत्रालय द्वारा पहली बार योग को लेकर सार्थक पहल हुई, जिसकी शुरुआत देसंविवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या के नेतृत्व में हुआ।
बयान में कहा गया है कि इस अवसर पर पंड्या ने डच सेना को योग एवं तनाव प्रबंधन पर विशेष मार्गदर्शन दिया, जहां ब्रिगेडियर जनरल सहित अनेक अधिकारीगण मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि डच सेना यूरोप की पहली ऐसी सेना है, जिसने अपने प्रशिक्षण मॉड्यूल में आध्यात्मिक जीवन शैली एवं योग को शामिल किया है। इसके साथ ही देवसंस्कृति विश्वविद्यालय एवं डच सेना संयुक्त रूप से सैनिकों के लिए विशेष शोधपरक कार्ययोजनाएं बनाएंगे। इसमें सेना में आध्यात्मिक विकास के साथ तनाव प्रबंधन प्रमुख रूप से शामिल होगा।
dharmpath.com dharmpath