डब्ल्यूएचओ को अपना स्वास्थ्य मॉडल प्रस्तुत करेगी दिल्ली सरकार

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार बुधवार को बैंकॉक में होने वाले एक सम्मेलन के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), विश्व बैंक और कई अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों को अपना स्वास्थ्य मॉडल प्रस्तुत करेगी।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन स्वास्थ्य मॉडल को प्रस्तुत करेंगे, जिसमें दिल्ली सरकार की पहल ‘मोहल्ला क्लिनिक’ भी शामिल होगी।

थाईलैंड सरकार के सहयोग से यह सम्मेलन डब्ल्यूएचओ, विश्व बैंक और रॉकफेलार फाउंडेशन मिलकर आयोजित कर रहे हैं।

दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने फरवरी, 2015 में सरकार बनाने के बाद से 100 से अधिक मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए हैं और उनकी योजना इसे बढ़ाकर 1,000 करने की है।

गरीब और मध्य वर्ग की बस्तियों के पास स्थापित किए गए इन मोहल्ला क्लीनिक में आम नागरिक मुफ्त में चिकित्सकों से परामर्श, औषधियां और जांच की सुविधा उठा सकते हैं।

एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया है, “इस सम्मेलन में जैन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, खास तौर पर सभी नागरिकों को वहनीय स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए दिल्ली सरकार की पहल पर शुरू की गई योजनाएं प्रदर्शित करेंगे।”

वक्तव्य में आगे कहा गया है, “इस सम्मेलन में प्रस्तुति देने के लिए मिला आमंत्रण सामाजिक समावेशन और वहनीय गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में दिल्ली सरकार द्वारा किए गए कार्यो को मिल रहे समर्थन को दर्शाता है।”

इसके अलावा जैन थाईलैंड के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यालय के महासचिव से शहरी इलाकों में स्वास्थ्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493