डब्ल्यूटीए रैंकिंग से हटाई गईं शारापोवा

मास्को, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त रूस की महिला टेनिस स्टार मारिया शारापोवा को महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) ने अपनी विश्व रैंकिंग से हटा दिया है।

डब्ल्यूटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी घोषणा की गई।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, डोपिंग की दोषी पाए जाने के बाद प्रतिबंधित चल रहीं शारापोवा पिछले सप्ताह जारी विश्व रैंकिंग में 93वें पायदान पर थीं।

शारापोवा पर शुरू में दो वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन विश्व की सबसे बड़ी खेल अदालत ‘खेल पंचाट न्यायालय’ (सीएएस) ने चार अक्टूबर को उन पर लगा प्रतिबंध घटाकर 15 महीने का कर दिया।

अब शारापोवा अगले साल 26 अप्रैल को प्रतिबंध पूरा कर कोर्ट पर वापसी कर सकेंगी।

प्रतिबंध के कारण लंदन ओलम्पिक-2012 में रजत पदक विजेता रहीं शारापोवा इसी वर्ष अगस्त में हुए रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा नहीं ले सकीं।

शारापोवा दिसंबर में फ्रेंच ओपन विजेता स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा के खिलाफ मेड्रिड में एक प्रदर्शनी मैच खेलने वाली हैं।

इस दौरान शारापोवा को कई मेजर टूर्नामेंटों से दूर रहना पड़ेगा और जब वह वापसी करेंगी उसके बाद फ्रेंच ओपन पहला ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट पड़ेगा। अगले साल फ्रेंच ओपन 28 मई से 11 जून के बीच होना है।

हालांकि शारापोवा के पास इतना समय नहीं होगा कि वह फ्रेंच ओपन में हिस्सा लेने के लिए जरूरी रेटिंग अंक हासिल कर सकें।

ऐसे में हो सकता है कि उन्हें वाइल्ड कार्ड के जरिए फ्रेंच ओपन-2017 में प्रवेश दिया जाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493