नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। डाक विभाग ने जल्द ही स्थापित होने वाले भारतीय डाक भुगतान बैंक (आईपीपीबी) के लिए शुक्रवार को माईगव वेबसाइट पर एक लोगो और टैगलाइन डिजाइन प्रतियोगिता शुरू की। यह बात यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कही गई है।
आईपीपीबी स्थापना के लिए एक जून, 2016 को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली है।
बयान में कहा गया है, “डाक विभाग आईपीपीबी के डीएनए की डिजाइनिंग में देश के लोगों को जोड़ना चाहता है।”
बयान के मुताबिक, यह इस परियोजना की पहली प्रतियोगिता है और देश के विभिन्न तबकों की जरूरतों को समझने के लिए विभाग ने एक देशव्यापी सर्वेक्षण भी शुरू किया है।
प्रतियोगिता सभी भारतीय नागरिकों, संस्थानों, एजेंसियों और संस्थानों के लिए है। प्रतियोगिता नौ जुलाई को समाप्त होगी।
बयान में कहा गया है कि सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टि को 50 हजार रुपये इनाम दिए जाएंगे। प्रतिष्ठित इंजीनियरों की एक समिति 20 सर्वोत्तम प्रविष्टि का चुनाव करेगी। इन 20 प्रविष्टियों को माईगव प्लेटफार्म पर मतदान के लिए रखा जाएगा और मतदान के जरिए आखिरी विजेता का चुनाव किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath