नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। डाबर ने अपने उत्पादों को विश्वव्यापी बनाने के लक्ष्य के साथ मंगलवार को अमेजन के साथ करार की घोषणा की। आयुर्वेदीय और कुदरती हेल्थकेयर कंपनी के रूप में 120 से अधिक देशों में उपलब्ध और दुनियाभर में विख्यात डाबर की अमेजन के साथ करार से कंपनी को यूएस के बाजार में अपनी पैठ बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस करार के तहत अमेजन डाबर के वाटिका केशतेल, मेज्वाक टूथपेस्ट, लाल टूथपेस्ट, च्यवनप्राश जैसे लगभग 30 उत्पादों को संयुक्त राज्य अमेरिका में उपभोक्ताओं तक पहुंचाएगा। इस करार के सहारे डाबर के उत्पाद अमेजन के लाखों विदेशी ग्राहकों को आसानी से उपलब्ध होंगे।
डाबर इंडिया के कार्यकारी निदेशक कृष्ण कुमार चुटानी ने कहा, “अपनी 133 वर्ष की विरासत के साथ डाबर विश्व स्तर पर उपभोक्ताओं को प्राकृतिक समाधान उपलब्ध कराने की मजबूत स्थिति में है। हमें अमेजन के साथ उनके ग्लोबल सेलिंग प्रोग्राम के माध्यम से साझीदारी करके खुशी हो रही है। इस साझीदारी से यूएस में उनके ग्राहकों तक सीधा पहुंचने में हमें आसानी होगी और हमारी उपस्थिति का कई गुणा विस्तार होगा।”
अमेजन इंडिया के निदेशक एवं महाप्रबंधक-विक्रेता सेवाएं गोपाल पिल्लै ने कहा, “इस संधि से डाबर को अपनी पहुंच बढ़ाते हुए अमेजन के ग्लोबल मार्केटप्लेस में और गहरी पैठ बनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना विस्तार करने में मदद मिलेगी। अपने ग्लोबल सेलिंग प्रोग्राम के तहत, अमेजन डाबर को उनके विशाल रेंज प्रदर्शित करने के लिए एक मार्केटप्लेस उपलब्ध कराएगा, जिससे विश्वव्यापी उपभोक्ताओं की उत्तम भारतीय उत्पादों की बढ़ती चाहत पूरी होगी।”
भारत में अमेजन का ग्लोबल सेलिंग प्रोग्राम मई 2015 में शुरू हुआ था। यह उद्यमियों, एसएमई कंपनियों, विनिर्माताओं और बड़े ब्रांडों सहित समस्त भारतीय विक्रेताओं को पूरे विश्व में उपभोक्ताओं को अपना माल बेचने का सहज, सुलभ और सुविधाजनक माध्यम है। पिछले साल की तुलना में इस प्रोग्राम के विक्रेता आधार में इस साल 70 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही इस विश्वव्यापी विक्रय प्लेटफॉर्म पर अमेजन के 10 ग्लोबल मार्केट प्लेस से संबद्ध भारतीय विक्रेताओं की कुल संख्या 26,000 हो गई है।
dharmpath.com dharmpath