नई दिल्ली, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के क्लब दिल्ली डायनामोज ने रविवार को सेनेगल के स्ट्राइकर बडारा बादजी और युवा भारतीय डिफेंडर लालरुआथारा के साथ करार की घोषणा की।
डायनामोज ने अगले महीने होने वाले आईएसएल के तीसरे संस्करण के लिए दोनों खिलाड़ियों के साथ अनुबंध किया है।
डायनामोज के मुख्य कोच गियानलुका जाम्ब्रोटा ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के जुड़ने से टीम और मजबूत होगी।
कोच ने कहा, “बादजी क्रोएशिया के फुटबाल क्लब दिनामो जगरेब के लिए खेल चुके हैं और उन्होंने टीम के लिए गोल भी दागे हैं, जो एक स्ट्राइकर के तौर पर उनकी गुणवत्ता को दर्शाते हैं। इस सत्र में उनकी विपक्षी टीम को दबाव में रखने और महत्वपूर्ण गोल हासिल करने की क्षमता से हमें काफी मदद मिलेगी।”
सेनेगल के 22 वर्षीय खिलाड़ी बादजी आमतौर पर स्ट्राइकर के तौर पर खेलते हैं। वह डायनमोज की ओर से अनुबंधित किए जानेवाले आखिरी विदेशी खिलाड़ी हैं और घाना की ‘गोल्डन लायंस सॉकर एकेडमी’ के जरिए क्लब से जुड़े हैं। उन्हें अपने तेज तर्रार खेल के साथ-साथ हवा में उछलकर मौके बनाने के लिए भी जाना जाता है।
बादजी ने कहा, “मैं क्लब में शामिल होने का मौका मिलने से काफी रोमांचित हूं और आईएसएल में बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिश करूंगा। मैंने पिछले सीजन में इस लीग के कई मुकाबले देखे और यहां फुटबॉल के ऊंचे स्तर को देखकर काफी प्रभावित हूं।”
उत्तर भारत के इकलौते आईएसएल क्लब डायनमोज में शामिल होने वाले मिजोरम के युवा खिलाड़ी लालरुआथारा को आईजॉल एफसी से ऋण पर लिया गया है। उन्होंने 2012 में लुआंगमुआल एफसी की ओर से वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर करियर की शुरुआत की थी।
क्लब के मुख्य कोच ने कहा कि लालरुआथारा एक युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उनके आने से टीम में ऊर्जा और तेजी आएगी, जो इस सत्र में डायनामोज के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
लालरुआथारा ने कहा, “मैं आईएसएल में पहली बार हिस्सा ले रहा हूं और डायनमोज का हिस्सा बनकर काफी उत्साहित हूं। यह मेरे लिए अपनी काबिलियत साबित करने और एक खिलाड़ी के तौर पर दमखम दिखाने का सुनहरा मौका है। उम्मीद करता हूं कि मैं कोच और साथी खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखूंगा।”
dharmpath.com dharmpath