डायनामोज ने स्वीडिश टीम हैकेन को ड्रॉ पर रोका

गॉथेनबग, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी दिल्ली डायनामोज ने स्वीडन के शीर्ष लीग में खेलने वाले क्लब बीके हैकेन को ब्राविडा एरिना में हुए मैच में 2-2 से ड्रॉ पर रोक लिया।

डायनामोज के लिए कप्तान फ्लोरेंट मालूदा ने दो गोल किए।

गौरतलब है कि डायनामोज टीम आईएसएल के तीसरे सत्र की तैयारी के लिए तीन मैत्री मैच खेलने स्वीडन पहुंची हुई है।

मेजबान टीम ने मुकाबले की अच्छी शुरुआत की। उसके लिए अल्हासान कामारा ने मैच के तीसरे मिनट में ही गोल कर डायनामोज को एक गोल से पीछे कर दिया। पिछड़ने के बाद डायनामोज ने कई बार बराबरी करने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सके और 0-1 के स्कोर के साथ उन्हें मध्यांतर पर लौटना पड़ा।

घरेलू धरती पर खेल रहे हैकेन ने दूसरे हाफ में फिर से डायनामोज के खेमे में दमदार धावा बोला और 55वें मिनट में गोल करने में भी सफल रहे। जॉन ओवैयरी के गोल की बदौलत हैकेन ने अपनी बढ़त को दोगुना कर लिया।

यहां से मैच हैकेन के पक्ष में जाता दिख रहा था, लेकिन चार मिनट बाद ही 59वें मिनट में डायनामोज को पेनाल्टी मिला जिसे कप्तान मालूदा ने गोल में तब्दील कर डायनामोज की वापसी की संभावनाएं जगा दीं।

मालूदा ने मैच के आखिरी मिनटों में हेडर के जरिए एक और गोल कर दिया और हारते हुए मैच को ड्रॉ करा ले गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493