पणजी, 28 मार्च (आईएएनएस)। डिफेंस एक्सपो 2016 की शुरुआत गोवा में सोमवार को कड़ी धूप की गर्मी और अस्तव्यस्तता के साथ हुई।
यातायात जाम और उद्घाटन कार्यक्रम में हुई देरी के कारण रक्षा मंत्री, सैन्य अधिकारियों और कारोबारियों को सड़क और कार्यक्रम स्थल दोनों जगहों पर पका देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा।
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने उद्घाटन भाषण में स्वीकार किया कि एक्सपो की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वालों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया।
पर्रिकर ने कहा, “सबसे पहले मैं कार्यक्रम की शुरुआत में हुई देरी के लिए क्षमा चाहता हूं।”
उन्होंने खेद जताया कि लोगों को यहां तेज धूप व अत्यधिक गर्मी में खड़ा रहना पड़ा।
उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि इस महीने अत्यधिक गर्मी होती है और समय की कमी के कारण हम बंद जगह पर उद्घाटन कार्यक्रम नहीं कर सके। इसलिए मैं अधिक लंबा भाषण नहीं दूंगा।”
दक्षिण गोवा जिले के नकेरी जाने वाले सभी रास्ते वाहनों से ठसाठस भरे हुए थे, जिसके कारण कार्यक्रम शुरू करने में देरी हुई।
पर्रिकर ने कहा, “मुझे पता है कि इस स्थान पर पहुंचने में यातायात जाम जैसी कई समस्याएं आईं। मैं वादा करता हूं कि भविष्य में इस कार्यक्रम के आयोजन में इन समस्याओं का ध्यान रखा जाएगा।”
चार दिवसीय डिफेंस एक्सपो 2016 में 1,035 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
dharmpath.com dharmpath