डीएमआईसी की हरियाणा ग्लोबल सिटी योजना में तेजी

गुड़गांव, 18 मई (आईएएनएस)। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) के तहत हरियाणा में प्रस्तावित ग्लोबल सिटी परियोजना अब रफ्तार पकड़ती दिख रही है। इसके लिए स्पेशल परपस वेहिकल (एसपीवी) के गठन और राज्य और केंद्र सरकारों के बीच संयुक्त उद्यम समझौतों को डीएमआईसी परियोजना कार्यान्वयन ट्रस्ट फंड का अनुमोदन मिल गया है।

परियोजना पर प्रगति की समीक्षा मंगलवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में की गई। बैठक में हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों, परियोजना सलाहकारों तथा डीएमआईसीडीसी के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

व्यवहार्यता रिपोर्ट और मास्टर प्लान पहले से ही ग्लोबल सिटी के लिए शुरू किया जा चुका है, जिसके तहत लगभग 1,100 एकड़ क्षेत्र में हरियाणा के गुड़गांव में गढ़ी-हरसारू में एक वित्तीय और व्यापार केंद्र का विकास किया जाएगा।

इसे मॉडल ‘स्मार्ट सिटी’ के रूप में विकसित किया जा रहा है जिसमें विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ पानी, बिजली और परिवहन सहित सभी सार्वजनिक उपयोगिताओं और सेवाओं को एकीकृत करने के लिए आईटी का सहारा लिया जा रहा है।

प्रस्तावित शहर में उत्कृष्ट हवाई, रेल और सड़क संपर्क की सुविधा होगी। यह दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और दिल्ली-जयपुर रेल लाइन के बिल्कुल करीब स्थित है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग 8 के करीब स्थित है और उत्तरी पेरिफेरल रोड और पटौदी रोड से इसका सीधा संपर्क है।

डीएमआईसी विकास निगम (डीएमआईसीडीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक अल्केश शर्मा ने कहा, “डीएमआईसी की जल्द तैयार होने वाली परियोजनाओं में से एक होने के कारण, हम ग्लोबल सिटी को हाई- टेक पार्क, उन्नत उद्योगों और अनुसंधान एवं विकास केंद्रों से समर्थित नवाचार और प्रौद्योगिकी में रचनात्मक सफलताओं के लिए विकसित करने की उम्मीद कर रहे हैं।”

सिटी को ‘लिव- वर्क- प्ले’ के तहत विकसित किया जाएगा और यहां न सिर्फ शीर्ष गुणवत्ता वाले व्यापार के बुनियादी ढांचे की सुविधा उपलब्ध होगी, बल्कि हरियाली, आवासीय परिसर, संग्रहालयों, कला और संस्कृति केंद्रों की भी सुविधा उपलब्ध होगी। एचएसआईआईडीसी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधीर राजपाल ने कहा, “यह गुडगांव के उप सीबीडी के रूप में काम करेगी।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सक्रिय रूप से परियोजना का समर्थन किया है। इस संदर्भ में मार्च 2016 में हुए हरियाणा निवेश बैठक के दौरान हरियाणा सरकार और डीएमआईसीडीसी के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493