डीडीए द्वारका प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर के लिए जमीन उपलब्ध कराएगा

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। नई दिल्ली के द्वारका में प्रस्तावित अत्याधुनिक प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर (ईसीसी) के विकास पर जल्द ही कार्य शुरू होगा। शहरी विकास मंत्रालय और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) इस परियोजना के लिए भूमि हस्तांतरित कर रहे हैं। यह जानकारी यहां सोमवार को जारी एक बयान में दी गई।

ईसीसी को व्यापार और कारोबारी विनिमय के लिए एक विश्व स्तरीय मंच के रूप में विकसित किया जाएगा और इससे भारत एमआईसीई (बैठक, इंसेंटिव, सम्मेलन और आयोजन) बाजार के एक बड़े हिस्से पर कब्जा करने में सक्षम हो जाएगा। एमआईसीई का वैश्विक बाजार अभी अनुमानित 280 अरब डॉलर का है।

बयान के मुताबिक, दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा विकास निगम (डीएमआईसीडीसी) इस परियोजना का नॉलेज पार्टनर है। परियोजना के लिए औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) जल्द ही एक स्पेशल पर्पज व्हीकल स्थापित करेगा।

प्रदर्शनी हॉल, कन्वेंशन सेंटर, बैंक्वेट हॉल, विषेश क्षेत्र, वित्तीय केंद्र, होटल, खाद्य और पेय, दुकानों, वाणिज्यिक और खुदरा सेवाओं और आम आंतरिक बुनियादी सुविधाओं के साथ द्वारका के सेक्टर 25 में लगभग 90 हेक्टेयर क्षेत्र में ईसीसी स्थापित करने का प्रस्ताव है।

27,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली इस परियोजना में 2,00,000 वर्ग मीटर का प्रदर्शनी क्षेत्र, 60,000 वर्ग मीटर का सम्मेलन और बैठक क्षेत्र, 20,000 वर्ग मीटर का बहुद्देशीय क्षेत्र, 3,500 होटल कक्ष और इसके अतिरिक्त खुदरा और वाणिज्यिक क्षेत्र होंगे।

ईसीसी परियोजना के पर्यवेक्षण के लिए गठित एक उच्च स्तरीय परियोजना संचालन समिति ने गुरुवार को कार्यान्वयन मॉडल को अपनी मंजूरी दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493