डेविस कप : पेस-बोपन्ना ने भारत को विश्व ग्रुप प्लेऑफ में पहुंचाया (लीड-1)

चंडीगढ़, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस जोड़ी-लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना ने एशिया/ओसेनिया ग्रुप-1 डेविस कप के पुरुष युगल मुकाबले में दक्षिण कोरिया के होंग चुंग और सियोंग चान होंग की जोड़ी को हराकर भारत को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी है।

इस जोड़ी ने शनिवार को यहां युगल मुकाबले में कोरिया के हांग चुंग और सियोंग चान होंग को 6-3, 6-4, 6-4 से हराया। इसके साथ भारत ने वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ में खेलने का हक हासिल कर लिया है।

पेस-बोपन्ना की जोड़ी अगले महीने शुरू होने वाले रियो ओलम्पिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।

पेस-बोपन्ना ने दक्षिण कोरियाई जोड़ी पर शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा और भारत को विश्व प्ले ऑफ ग्रुप में क्वालीफाई कराया।

इससे पहले साकेत मेयनेनी और रामकुमार रामनाथन ने मुश्किल हालात से लड़ते हुए शुक्रवार को अपने-अपने विपक्षियों को हराकर पहले दिन भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी थी।

अगले महीने शुरू हो रहे रियो ओलम्पिक से पहले शनिवार को पेस बोपन्ना के लिए यह मैच महत्वपूर्ण अभ्यास मैच साबित हुआ। एक घंटे 40 मिनट चले इस मुकाबले में बोपन्ना ने बड़ी सर्विस का शानदार उपयोग किया और 12 ऐस लगाए।

भारतीय जोड़ी 20 ब्रेक प्वाइंट में चार ही अपने पक्ष में कर पाई, बावजूद इसके दक्षिण कोरियाई जोड़ी हार को टाल नहीं सकी। पेस और बोपन्ना मौकों को तब्दील करने में अधिकतर नाकामयाब रहे जो रियो में उनके खेल पर बुरा असर डाल सकता।

मेहमानों के पास छह ब्रेक प्वाइंट थे, लेकिन वह सिर्फ एक ही अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे।

हालांकि इस जीत के साथ ही पेस ने निकोला पिऐट्रांगेली के डेविस कप में 42 युगल जीत के रिकार्ड की बराबरी कर ली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493