नीस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली (लीड-1)

पेरिस, 16 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के नीस शहर में गुरुवार रात हुए आतंकवादी हमले की जिम्मेदारी शनिवार को आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली। हमले में 84 लोगों की मौत हो गई थी।

बीएफएम टेलीविजन की एक रपट के मुताबिक, आईएस ने समाचार एजेंसी अमाक को बयान जारी किया है। नीस में हमला करने वाले ट्रक के चालक का नाम लाहौएज बौहलेल है, जिसे आईएस का ‘लड़ाका’ बताया गया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, एक सूत्र ने कहा कि यह हमला संगठन द्वारा आईएस विरोधी गठबंधन को निशाना बनाने के आह्वान के प्रतिक्रिया स्वरूप था।

एक आतंकवादी ने किराये पर लेकर एक ट्रक को गुरुवार रात नीस शहर में बासटील दिवस पर समारोह का लुत्फ उठा रहे हजारों लोगों की भीड़ के बीच घुसा दिया था।

हमले में 200 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से एक तिहाई लोगों की हालत गंभीर है।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद नीस पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आतंकवादी ने भीड़ पर हमला एक व्यक्ति या समूह की क्रूरता को केवल संतुष्ट करने के उद्देश्य से किया।

ओलांद ने फ्रांस में आपातकाल अतिरिक्त तीन महीनों के लिए बढ़ा दी है और सेना से बातचीत की है। तीन दिनों का राष्ट्रीय शोक शनिवार से शुरू हो गया।

नवंबर 2015 के बाद फ्रांस में यह सबसे भीषण आतंकवादी हमला है। नवंबर 2015 में हुए हमले में 130 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 250 से अधिक लोग घायल हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493