‘डोनाल्ड ट्रंप जांच के दायरे में नहीं’

वाशिंगटन, 19 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक निजी वकील ने इस बात से साफ तौर पर इनकार किया है कि ट्रंप न्याय प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने के मामले में जांच के दायरे में हैं।

ट्रंप ने ट्विटर पर एक पोस्ट में सांकेतिक तौर पर ऐसा कहा था।

जे सेकुलो ने एनबीसी के ‘मीट द प्रेस’ पर एक साक्षात्कार में कहा, “राष्ट्रपति विशेष अधिवक्ता द्वारा जांच के दायरे में नहीं हैं।”

एफे न्यूज के मुताबिक, प्रेस में इस आशय की रिपोर्ट आई हैं कि विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट मुलर, ट्रंप की भी जांच कर रहे हैं।

सेकुलो ने इस संबंध में कहा, “राष्ट्रपति न्याय प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने के लिए जांच के दायरे में नहीं हैं।”

वाशिंगटन पोस्ट ने गुरुवार को अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा था कि 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप और रूस और ट्रंप के चुनाव अभियान टीम के बीच संबंधों की जांच कर रहे मुलर अपनी जांच में ट्रंप द्वारा न्याय प्रक्रिया को बाधा पहुंचाने की संभावना की भी जांच करेंगे।

मीडिया में जारी खबरों के बाद ट्रंप ने भी गुरुवार को एक बार फिर ट्विटर के जरिए एक अस्पष्ट संदेश साझा किया था, जिसमें उन्होंने सांकेतिक तौर पर स्वीकार किया था कि वह जांच के दायरे में हैं।

ट्रंप ने उप महान्यायवादी रॉड रोसेन्टेन की ओर इशारा करते हुए ट्वीट कर कहा था, “एफबीआई निदेशक को बर्खास्त करने को लेकर वह शख्स मेरी जांच कर रहा है, जिसने मुझे एफबीआई निदेशक को बर्खास्त करने को कहा था!”

रोसेन्टेन ने मई में पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कोमी को बर्खास्त करने की सिफारिश करते हुए ट्रंप को एक मेमो दिया था।

सेकुलो ने हालांकि जोर देकर कहा कि ट्रंप वाशिंगटन पोस्ट में प्रकाशित हुई ‘झूठी खबर’ की बात कर रहे थे। उन्होंने इस बात को खारिज किया कि राष्ट्रपति की जांच जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493