नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। अखिल भारतीय टेनिस महासंघ (एआईटीए) ने शनिवार को आगामी डेविस कप के लिए भारत के सात सदस्यीय दल की घोषणा की।
डेविस कप का यह मुकाबला चंडीगढ़ में दक्षिण कोरिया के खिलाफ 15 से 17 जुलाई तक खेला जाएगा।
एआईटीए ने छह के बजाए सात खिलाड़ियों की टीम चुनी, जिसमें लिएंडर पेस को भी जगह मिली है।
पेस को इस दल में इसलिए शामिल किया गया है, ताकि रियो ओलम्पिक में नजर आने वाली रोहन बोपन्ना-पेस की जोड़ी अपने आपसी मतभेद भुला सके और आगामी ओलम्पिक खेलों की तैयारी कर सके।
पेस को अंतिम समय में इस दल में शामिल किया गया, लेकिन डेविस कप के लिए अंतिम टीम की घोषणा पांच जुलाई को होगी।
ओलम्पिक कप्तान और डेविस कप कोच जीशान अली को आशा है कि दोनों खिलाड़ी साथ आएंगे, दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान अपना ताल-मेल बढ़ाएंगे और रियो ओलम्पिक की तैयारी करेंगे।
अली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “लिएंडर डेविस कप के लिए हमारे दिमाग में नहीं थे क्योंकि उन्होंने अपने आप को बाहर कर लिया था। लेकिन रियो को ध्यान में रखकर हमने छह खिलाड़ियों की टीम की जगह सात खिलाड़ियों की टीम बनाई है जिसमें पेस भी शामिल हैं। इससे हमें बात करने और अभ्यास करने का मौका मिलेगा हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह खेलेंगे या नहीं।”
उन्होंने कहा, “इस सब के पीछे मकसद एक साथ आना, अभ्यास करना और रियो के लिए तैयार रहना है।”
यूकी भांबरी को आशा है कि डेविस कप मुकाबले में उन्हें एकल वर्ग की कमान मिलेगी और बोपन्ना युगल वर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस बीच, एआईटीए के प्रमुख अनिल खन्ना ने कहा कि उन्हें आशा है कि भारतीय खिलाड़ी दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपने घरेलू मैदान का लाभ उठाने में सक्षम होंगे।
खन्ना ने यहां संवाददाताओं को बताया, “हमारी मजबूती और ग्रास कोर्ट को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ को डेविस कप मुकाबले के आयोजन के लिए विशेष रूप से चुना गया है। दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी इस पर सहज नहीं होंगे और हमें आशा है कि हमारे खिलाड़ी इसका फायदा उठाने में सक्षम होंगे।”
डेविस कप के लिए भारतीय दल : लिएंडर पेस, रोहन बोपन्ना, रामकुमार रामनाथन, साकेत मयनेनी, सुमित नागल, यूकी भांबरी, विष्णु वर्धन।
dharmpath.com dharmpath