ड्रग माफिया, विपक्ष बदनाम करना चाहते हैं : पालिंकर

पणजी, 6 नवंबर (आईएएनएस)। गोवा के मत्स्यपालन मंत्री विनोद पालिंकर ने सोमवार को कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने ड्रग माफिया के खिलाफ समझौता नहीं करने का रुख अपनाया हुआ है। पालिंकर का नाम एक सेक्स स्कैंडल में सामने आया है।

पालिंकर की यह टिप्पणी वकील व कार्यकर्ता ऐरिस रॉड्रिग्स के बयान के बाद आई है। रॉड्रिग्स ने कहा है कि वह राज्यपाल मृदुला सिन्हा को एक वीडियो फूटेज सौंपेंगे, जिसमें कथित तौर पर पालिंकर अपने निर्वाचन क्षेत्र की एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं।

पालिंकर ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए विपक्ष व ड्रग माफिया अभियान चला रहे हैं, जिसका यह नतीजा हो सकता है।

पालिंकर ने संवाददाताओं से कहा, “यदि वह (रॉड्रिग्स) कहते हैं कि उनके पास एक सीडी है, तो उनसे ब्योरा मांगिए। मुझे नहीं पता कि क्या कहना है। उन्होंने न तो मुझसे बात की है और न ही कॉल की है। यह एक सार्वजनिक अभियान है। मेरा मानना है कि यह मेरे समझौता नहीं करने के रुख से और ड्रग माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की वजह से हो रहा है।”

गोवा फॉरवर्ड पार्टी भी इस विवाद में पालिंकर के समर्थन में है। पार्टी के तीन विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार में मंत्री हैं।

क्षेत्रीय पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ट्रॉजनो डिमेलो ने आईएएनएस से कहा, “मेरी पार्टी के अध्यक्ष पहले ही कह चुके हैं कि कार्यकर्ता ड्रग माफिया की तरफ से ऐसा कर सकते हैं, क्योंकि उन्होंने (पालिंकर) मादक तस्करों के पर कतरे हैं।”

हालांकि, कार्यकर्ता रॉड्रिग्स का कहना है कि वह इस हफ्ते के अंत तक राज्यपाल के गोवा लौटने पर कथित सेक्स स्कैंडल का विस्तृत ब्योरा उन्हें सौंपेंगे।

रॉड्रिग्स ने पालिंकर से इस्तीफा मांगने के साथ राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493