ढाका में ईद पर आतंकवादी हमले की प्रणब ने की निंदा

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गुरुवार को बांग्लादेश में ईद की नमाज के दौरान हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है और कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत अपने पड़ोसी देश के साथ है।

राष्ट्रपति ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “बांग्लादेश के किशोरगंज में ईद के मौके पर आतंकवादी हमले की खबर से मैं सदमे में हूं। इस हमले के साजिशकर्ताओं की बेहद कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।”

एक सप्ताह में बांग्लादेश में यह दूसरा आतंकवादी हमला है।

राष्ट्रपति मुखर्जी ने आगे कहा, “आम जनता और सरकार चरमपंथी एवं हिंसक ताकतों के खिलाफ पूरी हिम्मत के साथ लड़ रही है। भारत सरकार इस लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ बांग्लादेश के अपने भाइयों और बहनों के साथ खड़ा है।”

गुरुवार को किशोरगंज जिले के शोलाकिया मैदान में ईद की नमाज अता करने के लिए जुटी भीड़ की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर यह आंतकवादी हमला किया गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में ईद की नमाज अदा करने के लिए यह सबसे बड़ा आयोजन था और हमला नमाज अदा करने से ठीक पहले हुआ।

किशोरगंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अबू सायेम ने कहा है कि मृतकों में दो पुलिसकर्मी और एक महिला शामिल हैं। हमले में एक हमलावर की भी मौत हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493