चेन्नई, 21 जून (आईएएनएस)। यहां मंगलवार को द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक महिला अधिवक्ता योग में विश्व रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। वह लगातार विभिन्न योग आसन और योग मुद्राएं कर रही हैं।
पेशे से अधिवक्ता और शौक से मार्शल आर्ट्स की छात्रा के.पी.रंजना (34) लगातार 53 घंटे योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही हैं।
रंजना चेन्नई से लगभग 75 किलोमीटर दूर कांचीपुरम की रहने वाली हैं।
महामहर्षि फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट महायोगम के रमेश ऋषि ने आईएएनएस को बताया, “वह 48 घंटे का योग पूरा कर चुकी हैं और जल्द नेपाल के उत्तम मुक्तन का रिकॉर्ड तोड़ देंगी। उत्तम ने दिसंबर 2015 में 50 घंटे 15 मिनट तक लगातार योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।”
उन्होंने कहा कि रंजना के मंगलवार दोपहर तीन बजे तक यह विश्व रिकॉर्ड बनाने की संभावना है
उन्होंने कहा, “उन्होंने प्रत्येक घंटे योगासनों के बाद पांच मिनट के विश्राम के बाद लगभग 600 आसन किए।”
उनका कहना है कि रंजना ने 19 जून से इस अभियान को शुरू किया था और वह तब से सिर्फ जूस पी रही हैं।
dharmpath.com dharmpath