तमिलनाडु ने बाढ़ राहत के लिए 8481 करोड़ रुपये मांगे

चेन्नई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया कि तमिलनाडु को बाढ़ राहत के लिए 8,481 करोड़ रुपये की जरूरत है और उन्होंने 2,000 करोड़ रुपये तत्काल जारी करने का आग्रह किया।

जयललिता के मुताबिक, तमिलनाडु में बारिश और बाढ़ के कारण अबतक 169 लोगों की मौत हो चुकी है।

मोदी को लिखे एक पत्र में जयललिता ने कहा है, “राज्य के कई हिस्से बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। एक अक्टूबर से आए इस पूर्वोत्तर मानसून के कारण 169 लोगों की मौत हो चुकी है और रिहायशी भवनों और फसलों सहित संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “तत्काल राहत और बचाव कार्य और अस्थाई व स्थायी बुनियादी ढांचों की बहाली के लिए 8,481 करोड़ रुपये की जरूरत का अनुमान लगाया गया है।”

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा कोष और अन्य केंद्रीय कोषों से सहायता देने की मांग की है।

जयललिता ने मोदी से स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए केंद्रीय टीम गठित करने का आग्रह करते हुए 2,000 करोड़ रुपये तत्काल जारी करने का आग्रह किया है।

जयललिता के मुताबिक, कई क्षेत्रों में सड़कों, पुलों, जलापूर्ति प्रणाली, सीवेज और विद्युत आपूर्ति प्रणाली सहित बुनियादी ढांचे प्रभावित हुए हैं।

जयललिता के मुताबिक, भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त अनुमानों और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी से प्राप्त अलर्ट के आधार पर पर्याप्त एहतियाती उपाय किए गए थे, जिसके कारण जान माल को कम से कम नुकसान हुआ है।

जयललिता ने मोदी से कहा है, “चार लाख से अधिक लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है और उन्हें भोजन, आश्रय मुहैया कराया गया है। युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493