तमिलनाडु में बारिश से अबतक 70 मौतें

चेन्नई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से सोमवार को भी तमिलनाडु को तेज बारिश का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से राज्य में बीते एक हफ्ते में 70 लोगों की मौत हो चुकी है।

मौसम विभान ने अनुमान जताया है कि राज्य को आने वाले दिनों में बारिश से राहत मिलेगी।

राज्य सरकार की तरफ से यह नहीं बताया गया है कि बारिश ने कितनी जानें ली हैं। लेकिन, गैरसरकारी आंकड़ों के मुताबिक अबतक 70 लोगों की मौत हो चुकी है।

मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दबाव अब आंध्र प्रदेश की तरफ खिसक रहा है। इससे तमिलनाडु में बारिश से राहत मिलेगी।

लेकिन, फिलहाल नागपट्टनम, कुडालोर, विल्लूपुरम, अरक्कोनाम और चेन्नई में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन जगहों पर बचाव दल तैनात किए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि दबाव, चक्रवात में परिवर्तित होगा या नहीं, इस बारे में निश्चित रूप से बाद में ही बताया जा सकता है।

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने बारिश से मरने वाले 12 लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। जयललिता ने चेन्नई के बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा भी किया।

कई जगहों पर पानी घरों में घुस गया है। शहरों की सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। राज्य के 32 जिलों में से 15 में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। लोगों को नौका से सुरक्षित स्थान तक ले जाया जा रहा है।

चेन्नई की प्यास बुझाने वाली चेम्बराम्बक्कम झील लबालब हो गई है। एहतियात के तौर पर झील से पानी छोड़ा जा रहा है।

चेन्नई प्रशासन ने अडयार नदी के पास रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है।

वर्ल्ड विजन नामक स्वयंसेवी संस्था ने बयान में कहा है कि वह भी राहत कार्य में हाथ बंटा रही है।

दक्षिण रेलवे ने सोमवार को कई रेलगाड़ियां रद्द कर दी और कई के मार्ग बदल दिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493