चेन्नई, 10 फरवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) की महासचिव वी. के. शशिकला के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ-ग्रहण को लेकर जारी अनिश्चितताओं के बीच शुक्रवार को मद्रास सेंचुरी हॉल से सुरक्षा हटा ली गई।
शशिकला रविवार पांच फरवरी को एआईएडीएमके विधायक दल की नेता चुनी गई थीं, जिसके बाद उनके शपथ-ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई थीं और यहां बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी, लेकिन राज्यपाल सी. विद्यासागर राव की राज्य से अनुपस्थिति और एआईएडीएमके में जारी आंतरिक कलह के कारण इस पर संशय बरकरार रहा।
हालांकि राज्यपाल राज्य लौट आए हैं और गुरुवार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम तथा शशिकला अपने-अपने दावों के साथ उनसे मुलाकात कर चुके हैं, पर अनिश्चितताओं के बादल अभी छंटे नहीं हैं।
राज्यपाल से मुलाकात में ओ.पन्नीरसेल्वम ने जहां विधानसभा में बहुमत साबित करने का दावा किया, वहीं शशिकला ने उन्हें अपने समर्थन में 134 विधायकों की सूची सौंपी।
मद्रास सेंचुरी हॉल से शुक्रवार को सुरक्षा हटाए जाने से पहले राज्य की मुख्य सचिव गिरिजा वद्यनाथ और पुलिस महानिदेशक टी. के. राजेंद्रन ने राज्यपाल राव से मुलाकात की।
dharmpath.com dharmpath