चेन्नई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त मद्रास उच्च न्यायालय के तीसरे न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम. सत्यानरायण ने सोमवार को अन्नाद्रमुक के 18 विधायकों की अयोग्यता से जुड़े मामले की सुनवाई शुरू की।
अयोग्य ठहराए गए विधायक अन्नाद्रमुक से दरकिनार किए गए नेता टी.टी.वी. दिनाकरण के साथ हैं। दिनाकरण मौजूदा समय में तमिलनाडु विधानसभा में निर्दलीय विधायक हैं।
शीर्ष अदालत ने न्यायमूर्ति विमला की जगह पर न्यायमूर्ति सत्यनारायण को नियुक्त किया है। मामले में एक खंडित फैसले के बाद उच्च न्यायालय ने न्यायमूर्ति विमला को तीसरे न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया था।
मुख्य न्यायाधीश इंदिरा बनर्जी ने विधानसभा अध्यक्ष धनपाल के 18 विधायकों को अयोग्य करार देने के आदेश को कायम रखा था, जबकि न्यायमूर्ति एम.सुंदर ने आदेश को रद्द कर दिया था।
दोनों पक्षों के वकीलों ने सोमवार को अपनी दलीलें दीं। यह सुनवाई अगले पांच दिनों के लिए जारी रहेगी।
dharmpath.com dharmpath