ताइपे, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। ताईवान के एक परमाणु रिएक्टर में रविवार रात आग लगने के बाद उसे बंद कर दिया गया है।
ताईवान की ऊर्जा कंपनी ताईपॉवर ने बताया कि पिंगटुंग काउंटी में स्थित देश के तीसरे परमाणु ऊर्जा संयंत्र के सहायक विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, संयंत्र के दमकल कर्मियों ने आग पर 17 मिनट बाद काबू पा लिया था, जबकि संयंत्र के दूसरे रिएक्टर सुचारु रूप से काम कर रहे हैं। यह संभावना जताई जा रही है कि क्षतिग्रस्त रिएक्टर की मरम्मत में दो सप्ताह का समय लग सकता है, जिसके बाद इसे फिर से संचालित किया जा सकेगा।
ताईपॉवर ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान जारी कर कहा है कि आग लगने की घटना के कारण किसी तरह की रेडियोएक्टिव तरंगें लीक नहीं हुईं और कर्मचारियों को जगह खाली करने की जरूरत भी नहीं पड़ी।
ताईपॉवर ने कहा कि रिएक्टर संख्या दो अपनी पूरी क्षमता से संचालित था, जब उसके बसबार (कंडक्टरों का समूह, जो विद्युत तरंगों को एकत्र और वितरित करता है) में शार्ट-सर्किट से आग लग गई, जिसके परिणाम स्वरूप रिएक्टर को बंद करना पड़ा।
शुरुआती जांच से पता चला है कि संयंत्र को विद्युत आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मरों में से एक खराब हो गया है, जिसकी मरम्मत में लगभग दो सप्ताह का समय लगेगा।
ताईवान के पास तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्र हैं, और एक अन्य इस वक्त निर्माणाधीन है।
dharmpath.com dharmpath