लखनऊ, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ताजमहल पर जगह-जगह हरे दाग की खबर को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को मामले का जल्द से जल्द परीक्षण कराकर ठोस कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, अखिलेश ने कहा कि पूरी दुनिया में ताजमहल की खूबसूरती और वैभव के चर्चे होते हैं। प्रदेश की समाजवादी सरकार इस धरोहर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचने देगी।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने आगरा के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग, पुरातत्व विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित सभी संबंद्ध अधिकारियों को ताजमहल पर हरे धब्बे पड़ने के सही कारणों का जल्द पता लगाकर जल्द इसका समाधान निकालने को कहा है।
ज्ञात हो कि मीडिया में खबरें आई थीं कि ताजमहल और उसकी नक्काशी पर जगह-जगह हरे रंग के धब्बे दिखाई दे रहे हैं। ऐसा काइरोनोमस नामक कीड़े के कारण हो रहा है, जो आगरा में यमुना नदी में अधिक प्रदूषण के कारण तेजी से पनप रहे हैं। ये कीड़े ताजमहल के सफेद संगमरमर पर गंदगी छोड़ रहे हैं। इससे ताजमहल का संगमरमर हरा हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ताजमहल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक है। यह प्रदेश और देश की विशिष्ट ऐतिहासिक धरोहर है।
dharmpath.com dharmpath