नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘आयुष्मान भारत’ नेशनल हेल्थ प्रोटेक्शन मिशन (एबी-एनएचपीएम) पर हेल्थ केयर इंडस्ट्रीज के दिग्गज प्रतिनिधियों और सरकारी प्रतिनिधियों के बीच आगामी 16 मई को ताज डिप्लोमेटिक एन्क्लेव में विचार-विमर्श किया जाएगा।
‘आयुष्मान भारत’ योजना में एसईसीसी डेटाबेस के आधार पर गरीब और कमजोर आबादी के 10 करोड़ से अधिक परिवार शामिल होंगे। यह योजना केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं जैसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना (आरएसबीवाई) और वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य बीमा योजना (एसआईआईए) के अनुसार चलेगी।
ताज डिप्लोमेटिक एन्क्लेव के संयोजक और इंडिया वर्चुअल हॉस्पिटल के मैनेजिंग पार्टनर स्वदीप श्रीवास्तव ने कहा, “आयुष्मान भारत कार्यक्रम विश्व की सभी सरकारों के लिए एक अनुकरणीय योजना है। हम भारत जैसे विशाल और विविधता वाले देश में सभी लोगों को एक मंच मुहैया करा रहे हैं, जहां निजी व सार्वजनिक क्षेत्र के भागीदार योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए उठाए जा रहे कदमो पर चर्चा करने के लिए इकठ्ठा होंगे।”
सम्मेलन के अध्यक्ष अनुराग बत्रा ने कहा, “हेल्थकेयर एक राज्य विषय है। इसलिए, चिंता का एक प्रमुख बिंदु राज्य स्तर पर ‘आयुष्मान भारत’ योजना का कार्यान्वयन है। हमने राज्य सरकारों को इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया है, जो इस योजना के सुचारू कार्यान्वयन में मदद कर सकता है।”
इस सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा, आयुष मंत्री श्रीपद नाईक, नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विशेष सचिव जी.एस. नवीन कुमार, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि वानखेडकर जैसी मशहूर हस्तियां ‘आयुष्मान भारत’ योजना के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करने के लिए पैनलों पर होंगी।
dharmpath.com dharmpath