नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। ताजमहल के आसपास ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए फायरफोक्स ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आगरा से इटावा लॉयन सफारी तक विकसित किए जाने वाले 200 किलोमीटर लंबे ‘साइकिल हाइवे’ को अपना समर्थन देते हुए कहा कि इससे देश में साइकिल कल्चर को बढ़ावा मिलेगा।
प्रस्तावित हाइवे आगरा-इटावा मेन रोड के साथ-साथ कई ऐतिहासिक और पर्यटन केंद्रों से होकर गुजरेगा। प्रस्तावित साइकल हाइवे से भारत को जर्मनी, नीदरलैंड और डेनमार्क जैसे देशों के समकक्ष आने में मदद मिलेगी।
फायरफोक्स बाइक्स के सीईओ शिव इंदर सिंह ने कहा, “भारत में साइकलिंग कल्चर को बढ़ावा देने की जरूरत है क्योंकि यह हमारे पर्यावरण के लिए अच्छा रहेगा। प्रस्तावित हाइवे से निश्चित ही साइकलिंग को शहरों में बढ़ावा मिलेगा और शहरी क्षेत्र में भी साइकलिंग आगे बढ़ेगी। इस कदम से निश्चित ही पर्यटन को प्रोत्साहन और बढ़ावा मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि “हाइवे न सिर्फ अंतराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए अच्छा साबित होगा, बल्कि भारतीय नागरिकों को भी फायदा होगा। यदि भारत में लोग छोटी दूरी के लिए साइकलिंग करना चाहते हैं, जो कि स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है, तो भी यह हाइवे बहुत मददगार साबित होगा। भारत में यह कदम सराहनीय है।”
dharmpath.com dharmpath