तात्या टोपे के बलिदान दिवस पर स्मारक सिक्का जारी

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार) तथा नागर विमानन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने सोमवार को महान क्रांतिकारी तात्या टोपे के बलिदान दिवस पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का और 10 रुपये का प्रचलन सिक्का जारी किया।

भारत की आजादी की पहली लड़ाई के सबसे उत्कृष्ट नेताओं में से एक तात्या टोपे एक महान देशभक्त थे। अंग्रेजों की सेना ने उन्हें सात अप्रैल, 1859 को गिरफ्तार किया था और ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए बहुत जल्दबाजी में उनके मुकदमे का फैसला करने के बाद उन्हें 18 अप्रैल, 1859 को शिवपुरी जेल में फांसी पर लटका दिया गया था।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, संस्कृति मंत्रालय महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश राज्य सरकारों के सहयोग से 2015-16 के दौरान तात्या टोपे की 200वीं जयंती मना रहा है। महाराष्ट्र सरकार ने 28 फरवरी को पुणे के शनिवार वाड़ा में उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया था। इससे पूर्व 26 फरवरी से शौर्य महोत्सव नामक तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया गया।

बयान के अनुसार, नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) ने 16 फरवरी को तात्या टोपे पर विशेष व्याख्यान और सम्मेलन का आयोजन किया था। भारत सरकार, महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से येवला, नासिक में तात्या टोपे की स्मृति में एक स्मारक निर्माण के बारे में भी विचार कर रही है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश राज्य सरकार के साथ मिलकर भोपाल में एक युद्ध संग्रहालय की स्थापना भी विचाराधीन है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493