तापसी व अक्षय ने आत्मरक्षा के तरीके सिखाए

मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। आने वाली फिल्म ‘नाम शबाना’ के कलाकार तापसी पन्नू और अक्षय कुमार ने सोमवार को लड़कियों और महिलाओं के लिए एक विशेष वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने छेड़खानी करने वालों से बचने के लिए कोहनी के इस्तेमाल के जरिए आत्मरक्षा की तकनीक सिखाई है।

वीडियो में तापसी, महिलाओं से अपनी सुरक्षा के लिए लड़ने का आग्रह कर रही हैं।

वीडियो में अभिनेत्री कह रही हैं, “मैं यह समझने में नाकाम रही हूं कि हम कितने कमजोर हैं कि हम खुद की रक्षा भी नहीं कर सकते। जब हमें कोई छूता है तो हमारा दिमाग काम करना बंद कर देता है, हम कुछ समझ नहीं पाते हैं। जब कोई मर्द हमारे ब्रेस्ट या पीठ को छूता है तो हम एकदम सन्न रह जाते हैं और वे इस बात का फायदा उठाकर जो करना चाहते हैं, करते हैं।”

तापसी ने वीडियो में कहा, “उनकी हरकतों का जवाब देने के लिए यह जानना जरूरी है कि हमें क्या करना चाहिए। उन पर पत्थर फेंककर भाग जाएं, उन्हें लात मारें, अपने हाथों का इस्तेमाल कीजिए..आपके शरीर के अंग आपके हथियार हैं। कोहनी का इस्तेमाल कीजिए..मेरा यकीन कीजिए, यह सच में चोट पहुंचाती है।”

तापसी ने फिर अक्षय को आत्मरक्षा तकनीक का प्रदर्शन करने के लिए बुलाया। तापसी का कहना है कि अक्षय ने उन्हें इसमें प्रशिक्षित किया है।

कुडो, मार्शल आर्ट का आधुनिक स्वरूप है और अक्षय और तापसी ने दर्शकों को आत्मरक्षा करने की यह तकनीक सिखाई। तापसी ने इस तकनीक को ‘कोहनीमार’ नाम दिया है।

फिल्म ‘नाम शबाना’ में तापसी मुख्य किरदार निभा रही हैं। इस फिल्म में वह अंडरकवर एजेंट के रूप में नजर आएंगी।

शिवम नायर निर्देशित यह फिल्म 31 मार्च को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493