नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। आर्थिक मामलों पर केंद्रीय मंत्रीमंडल ने तिरूवनंतपुरम एवं कन्याकुमारी के बीच रेल लाइन के विद्युतीकरण सहित दोहरीकरण परियोजना के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
आर्थिक मामलों पर केंद्रीय मंत्रिमंडल से जारी सूचना के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में तमिलनाडु में तिरूवनंतपुरम एवं केरल में कन्याकुमारी के बीच रेल लाइन के विद्युतीकरण सहित दोहरीकरण परियोजना के निर्माण को मंजूरी दी गई।
सूचना के अनुसार, रेल लाइन की कुल लंबाई 86.56 किलोमीटर होगी। परियोजना की अनुमानित लागत 1431.90 करोड़ रुपये होगी तथा पूर्णता लागत वार्षिक पांच प्रतिशत वृद्धि के साथ 1552.94 करोड़ रुपये होगी।
परियोजना के 2020-21 तक चार वर्षो में पूरी हो जाने की उम्मीद है। यह परियोजना 20.77 लाख श्रम दिवसों के लिए निर्माण के दौरान प्रत्यक्ष रोजगार का सृजन करेगी।
यह परियोजना न केवल माल एवं कोचिंग रेल गाड़ियों के संचालन में गति प्रदान करेगी, बल्कि भविष्य में यातायात में वृद्धि की पूर्ति के लिए अतिरिक्त क्षमता भी मुहैया कराएगी।
गौरतलब है कि इस खंड पर बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। इस मार्ग के तिरूवनंतपुरम-नगरक्वॉयल खंड की वर्तमान परिचालन क्षमता पहले ही संतृप्त हो चुकी है, जिससे कन्याकुमारी एवं चेन्नई की दिशा में जाने वाली रेलगाड़ियों का परिचालन बहुत अधिक प्रभावित होता है। इस मार्ग की परिचालन क्षमता को बढ़ाए जाने की आवश्यकता है, जिससे कि अतिरिक्त रेलगाड़ियों की मांगों को पूरा किया जा सके।
dharmpath.com dharmpath