तुर्की हवाईअड्डे पर गोलीबारी में 2 हिरासत में

अंकारा, 6 नवंबर (आईएएनएस)। तुर्की के कमाल अतातुर्क हवाईअड्डे पर हवा में दो गोलियां दागने वाले दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह गोलीबारी उस समय हुई, जब पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को हवाईअड्डे के भीतर जाने से रोकने की कोशिश की।

इस्तांबुल के गवर्नर वासिप साहीन ने ट्वीट कर कहा, “दोनों ने रुकने के आदेश को नहीं माना और हवा में गोलियां चलाईं। इन दोनों को बाद में हिरासत में ले लिया गया।”

प्रशासन ने गोलीबारी की वजह से लोगों को थोड़ी देर तक हवाईअड्डे से बाहर निकलने और अंदर जाने पर रोक लगा दी।

गवर्नर ने कहा कि पुलिस को इन लोगों के पास से कोई विस्फोटक नहीं मिला है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में से एक तुर्की का, जबकि दूसरा सीरिया का नागरिक है।

गौरतलब है कि जून के अंत में अतातुर्क हवाईअड्डे पर तिहरा आत्मघाती विस्फोट हुआ था, जिसमें 44 लोगों की मौत हुई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493