वेस्टइंडीज के कप्तान होल्डर विवाद छोड़ सिर्फ खेल पर देंगे ध्यान

दुबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज टेस्ट टीम के कप्तान जेसन होल्डर ने कहा है कि वह मैदान से बाहर चल रहे विवादों से इतर अपना पूरा ध्यान खेल पर केंद्रित कर रहे हैं।

होल्डर ने कहा है कि वह अपने खेल और टीम का नेतृत्व संभालने पर पूरा ध्यान लगाएंगे।

समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, डारेन ब्रावो, मार्लन सैमुअल्स और कार्लोस ब्राथवेट द्वारा वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) के मिले अनुबंध पर हस्ताक्षर न करने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में होल्डर ने यहां पत्रकारों से कहा कि इस तरह के प्रशासनिक मामलों में वह कुछ नहीं कर सकते और इन सबके बाद वह कैरेबियाई टीम के प्रदर्शन में सुधार को लेकर और अधिक दृढ़ हो चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि अनुबंध अस्वीकार करने वाले ये तीनों खिलाड़ी 19 महीने के बाद विदेशी धरती पर टेस्ट क्रिकेट में पहली जीत दिलाने वाली टीम का हिस्सा थे। वेस्टइंडीज ने हाल ही में शरजाह में पाकिस्तान के खिलाफ हुए तीसरे टेस्ट मैच में जीत हासिल की थी।

होल्डर ने कहा, “वेस्टइंडीज क्रिकेट में चल रही नकारात्मक चीजों के बारे में जो कुछ मैंने बताया, वह मेरे नियंत्रण से बाहर की चीजें हैं। कौन अनुबंध पर हस्ताक्षर कर रहा है या टीम में मेरा साथ कौन है, इस पर मैं नियंत्रण नहीं कर सकता। मैं सिर्फ खेल के मैदान पर अपने भविष्य को नियंत्रित कर सकता हूं और टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ भी ऐसा ही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493