कोलकाता, 18 अक्टूबर – पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने कालेधन पर यू-टर्न के लिए शनिवार को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। तृणमूल के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओब्रीन ने कहा, “कालेधन पर भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) का यूटर्न हैरान करने वाला है। यह संप्रग के भ्रष्टाचार के विरुद्ध पैदा हुई भावना के साथ धोखा है। यह यही दर्शाता है कि भाजपा और कांग्रेस में आपसी सांठगांठ है।”
उन्होंने कहा, “कालेधन के संबंध में सरकार के कानूनी तर्क बहाना मात्र हैं। भाजपा ने आखिर क्या ठोस कदम उठाया है? दंतविहीन समिति का गठन पर्याप्त नहीं है।”
ओब्रीन ने कहा, “मैं आपको आश्वासन देता हूं कि तृणमूल कालेधन पर भाजपा के यूटर्न का विरोध करेगी। हम सभी संभव कदम उठाएंगे।”
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय से कहा था कि वह दोहरे काराधान से बचाव के समझौते के कारण विदेशी सरकारों से मिले, गैर कानूनी रूप से अपनी काली कमाई को विदेशों की बैंकों में रखने वाले लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं कर सकती।
केंद्र सरकार ने यह बात अदालत के आदेश में बदलाव की मांग करते हुए सर्वोच्च न्यायालय को दिए गए एक आवेदन में सामने रखी थी। अदालत ने पहले एक आदेश में जर्मन सरकार से मिले सभी नाम याचिकाकर्ता रामजेठमलानी को बताने का आदेश दिया था।
लोकसभा चुनाव के समय भाजपा ने विदेशी बैंकों में जमा भारतीय काले धन को वापस लाने का वादा किया था और काला धन वापस लाने का कोई प्रयास न करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार की बार-बार आलोचना की थी।
dharmpath.com dharmpath