तृणमूल सांसदों ने गृहमंत्री से की बंगाल के राज्यपाल की शिकायत

नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के 30 सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को यहां केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी द्वारा राज्य के प्रशासनिक मामलों में सीधे दखल देने की शिकायत की। यह जानकारी तृणमूल नेता डेरेक ओ ब्रायन ने दी।

ओ ब्रायन ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। गृहमंत्री ने मामले को देखने का वादा किया है।

गृहमंत्री को दिए ज्ञापन के अनुसार, “पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने जिला स्तरीय अधिकारियों और पुलिस के साथ प्रदेश और केंद्र सरकार के मौजूदा विकास कार्यो, ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत गैर सरकारी संगठनों के कार्यो तथा सीमा वाले इलाकों और मुर्शिदाबाद जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बैठक बुलाई।”

प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री को बताया कि ‘राज्य सरकार को सूचना दिए बिना यह बैठक होनी थी। जब कानून व्यवस्था और अन्य मुद्दे पूरी तरह प्रदेश सरकार के नियंत्रण में हैं तो यह उम्मीद की जाती है कि एक संवैधानिक पदाधिकारी इस तरह अपनी हदें पार नहीं करेगा।’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कार्य प्रणाली में दखलंदाजी संघीय ढांचे के लिए खतरा है। प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री से यह मुद्दा सुलझाने का आग्रह किया।

ओ ब्रायन ने कहा कि हमारे सांसद सुखेंदु शेखर रॉय अपने साथ संविधान की प्रति भी लाए थे जिसके संबंधित अंश उन्होंने गृहमंत्री के सामने पढ़े। गृहमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है। अब हम इंतजार करेंगे।

तृणमूल सांसदों ने राज्यपाल द्वारा अपनी हदें पार करने का आरोप लगाते हुए मुद्दे को संसद के दोनों सदनों में भी उठाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493