तेजपाल मामला : सुनवाई पूरी करने की अवधि 1 साल बढ़ी

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय ने तहलका के संस्थापक संपादक तरुण तेजपाल से संबंधित कथित यौन उत्पीड़न मामले की सुनवाई पूरी करने के लिए गोवा के न्यायाधीश को शुक्रवार को एक साल का और वक्त दिया।

तरुण तेजपाल पर उनकी कनिष्ठ सहकर्मी ने नवंबर 2013 में गोवा के एक पांच सितारा होटल में यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।

प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति एच.एल.दत्तू तथा न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की एक पीठ ने निचली अदालत के न्यायाधीश द्वारा सुनवाई के लिए समय बढ़ाने के लिए लिखे गए पत्र के मद्देनजर एक साल की अवधि और बढ़ाने की मंजूरी दी।

उल्लेखनीय है कि एक जुलाई, 2014 को तेजपाल को जमानत देते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने निचली अदालत को आठ माह में सुनवाई खत्म करने का निर्देश दिया था।

न्यायालय ने कहा, “त्वरित सुनवाई जरूरी है। 153 गवाहों के साथ त्वरित सुनवाई मुश्किल है। इसमें तीन साल का वक्त लगेगा।”

तेजपाल पर अपनी एक कनिष्ठ सहकर्मी से गोवा के एक पांच सितारा होटल में 7-8 नवंबर, 2013 को यौन उत्पीड़न करने का आरोप है।

तेजपाल पर 18 फरवरी, 2014 को दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न तथा अपने सहयोगी का शील भंग करने का आरोप तय किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493