पटना, 30 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोनीत हुए हैं।
पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को इसकी घोषणा की। राजद की मीडिया प्रभारी प्रगति मेहता ने बताया कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को बिहार विधानसभा में राजद विधायक दल का नेता मनोनीत किया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी विधानपरिषद में पार्टी का नेतृत्व करेंगी।
उन्होंने बताया कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने इसकी सूचना बिहार विधानसभा और विधानपरिषद को दे दी है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद 13 नवंबर को राजद विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से राजद विधानसभा में विधायक दल के नेता के चयन के लिए पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद को अधिकृत कर दिया गया था। तेजस्वी पहली बार विधानसभा चुनाव में विजयी हुए हैं।
बिहार में राजद, जनता दल (युनाइटेड) और कांग्रेस के महागठबंधन ने 243 सीटों में से 178 पर जीत हासिल की है।
dharmpath.com dharmpath